रिपोर्ट श्याम सुन्दर
हरिद्वार : जनपद हरिद्वार में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और खाकी की साख को बनाए रखने के संकल्प के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक बड़ी और कड़क कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। थाना झबरेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी द्वारा कराई गई प्राथमिक जांच में चौकी प्रभारी और वहां तैनात अन्य कर्मियों की भूमिका संदिग्ध और अनुचित कार्यों में संलिप्त पाई गई।
एस एसपी नवनीत सिंह का बड़ा एक्शन

कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के इस गंभीर मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी हरिद्वार ने चौकी प्रभारी सहित कुल 06 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी जारी की है कि वर्दी की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या माफियाओं को संरक्षण देना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चन्द सुयाल को सौपी पूरे प्रकरण की जांच

प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चन्द सुयाल को सौंपी गई है, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई ने जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भ्रष्टाचार और अवैध कार्यों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ही प्रभावी रहेगी।
