रिपोर्ट श्याम सुन्दर 7983374835
रुड़की। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) के कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी पत्रकारिता के प्रवर्तक युगल किशोर शुक्ल तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और समाज निर्माण में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ किसान नेता सुभाष नम्बरदार ने क्लब से जुड़े पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया तथा हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता ही लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाती है।

प्रेस क्लब महानगर रुड़की के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा एवं महामंत्री मोनू शर्मा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने बीते दो शताब्दियों में समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को स्वर देने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने पत्रकारों से बदलते समय में भी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया।

क्लब के निदेशक चौधरी अनवर राणा एवं देशराज पाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस का आयोजन भविष्य में और अधिक भव्य स्वरूप में किया जाना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष प्रेस क्लब महानगर रुड़की की ओर से इस दिवस को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा, जिसमें पत्रकारिता जगत की विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरशद हुसैन एवं असलम अंसारी ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखने की अपील की तथा युवा पत्रकारों को पत्रकारिता की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने का संदेश दिया।

निदेशक प्रवेज आलम और संदीप चौधरी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक हिंदी पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है और नई पीढ़ी को इस समृद्ध विरासत से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन क्लब के उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के प्रति पुनः संकल्पित होने का अवसर प्रदान करता है। वही हिंदी पत्रकारिता दिवस के शुभ अवसर जो वरिष्ठ पत्रकार साथी आज हमारे बीच नहीं हैं उन सभी पत्रकार साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार राव शाहनवाज खान एवं युवा पत्रकार सूरज वर्मा को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
इस अवसर पर नरेंद्र कुमार, संदीप कश्यप, श्याम सुंदर, दीक्षा गुप्ता, विशाल शर्मा दिलशाद खान, मोहम्मद आलाम , सहित प्रेस क्लब के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
