टॉप:- हरिद्वार
किसानों की 10 मांगों को लेकर डीएम से गुहार, गन्ने के भाव समेत कई मुद्दे उठाए गन्ने का 600 प्रति कुंतल की मांग

हरिद्वार: हरिद्वार में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन तोमर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। यूनियन की ओर से गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति कुंतल किए जाने, बकाया गन्ना भुगतान और बारिश से प्रभावित फसलों के सर्वे एवं मुआवजे समेत 10 मांगें उठाई गई हैं। यूनियन ने संबंधित समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन तोमर के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित उपाध्याय की ओर से दिए गए ज्ञापन में पुरकाजी से नारसन बॉर्डर तक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं झबरेड़ा में आबादी और कृषि भूमि के आसपास कूड़ा डाले जाने की तैयारी पर रोक लगाने और भगवानपुर क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकलने वाले पानी से फसलों को नुकसान की शिकायत की जांच कराने की मांग रखी गई है।

किसान यूनियन ने इकबालपुर शुगर मिल के वर्ष 2018-19 के कथित बकाया गन्ना भुगतान को जल्द दिलाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा उल्हेड़ा चौकी के पीछे आम के पेड़ों की कटाई पर रोक, लंढौरा, लक्सर और खानपुर क्षेत्र में रबर फैक्ट्रियों से प्रदूषण की जांच और मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा में बिजली एवं जल निकासी की समस्या के समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन में गांवों में विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान अनावश्यक भय का माहौल न बनने देने और कार्रवाई नियमानुसार एवं शांतिपूर्ण तरीके से किए जाने की मांग भी शामिल है। किसानों ने बढ़ती कृषि लागत का हवाला देते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग रखी है। वहीं हालिया भारी बारिश से प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग भी की गई है।
भारतीय किसान यूनियन तोमर ने जिलाधिकारी से सभी मांगों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और किसानों एवं आम जनता से जुड़े इन मुद्दों का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
