लोकेशन मंगलौर
श्याम सुन्दर
मंगलौर। नगर में पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों और सम्मान को मजबूत करने के उद्देश्य से पत्रकारों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व में संचालित संस्था ‘प्रेस क्लब ऑफ मंगलौर’ का नाम बदलकर ‘मंगलौर प्रेस क्लब’ किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 19 सदस्यीय नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नई कार्यकारिणी में जुबैर काज़मी, जमीर हसन, डॉ. शकील, डॉ. अरशद हुसैन और अमजद उस्मानी को संरक्षक बनाया गया है। वहीं राहुल सैनी को अध्यक्ष, फिरोज खान को उपाध्यक्ष, अनिल सैनी को महासचिव, राजेश शर्मा को सचिव, नवीन कुमार को उप सचिव और मांगेराम गोर को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा रोहित राणा को संगठन मंत्री, शमीम अहमद को प्रवक्ता और श्याम सुंदर को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अनुज सैनी, नरेंद्र कुमार, अर्सलान और सद्दाम अली को शामिल किया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक डॉ. अरशद हुसैन ने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए सभी पत्रकारों का एक मंच पर संगठित होना जरूरी है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। अध्यक्ष राहुल सैनी ने कहा कि मंगलौर प्रेस क्लब पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगा। महासचिव अनिल सैनी ने बताया कि संस्था को विधिक स्वरूप प्रदान करने के लिए जल्द ही सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत पंजीकरण कराया जाएगा। वहीं कोषाध्यक्ष मांगेराम गोर ने वित्तीय व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बरतने का भरोसा दिलाया। प्रवक्ता शमीम अहमद ने कहा कि संगठन की आवाज को प्रमुखता से उठाने के साथ पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखा जाएगा। बैठक के अंत में नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
