रिपोर्ट श्याम सुन्दर
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार पर्याप्त है स्टॉक हरिद्वार जिले में
हरिद्वार। जनपद में घरेलू गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही किल्लत की खबरों को जिला पूर्ति विभाग ने पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि हरिद्वार में गैस का पर्याप्त स्टॉक और भंडारण उपलब्ध है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार उपभोक्ताओं को 25 दिनों के अंतराल पर ही गैस उपलब्ध कराई जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे ‘पैनिक बुकिंग’ से बचें और केवल आवश्यकतानुसार ही रिफिल बुक करें ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 और बुकिंग व शिकायत के लिए 7718955555 जारी किए हैं। इसके साथ ही आईओसी, एचपीसी और बीपीसी के अधिकारियों के नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान हो सके। उन्होंने नागरिकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने का अनुरोध किया है और आश्वस्त किया है कि आपूर्ति विभाग निरंतर गैस एजेंसियों के समन्वय में है ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस मिल सके।
